✒️ विधानसभा आम निर्वाचन 2023 हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम अनुसार 30 अक्टूबर तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने, 31 अक्टूबर को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा पूर्ण किए जाने के पश्चात विगत दिवस 2 नवम्बर को नाम वापसी की प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 30 अभ्यर्थी विधानसभा निर्वाचन में शामिल होंगे। सभी प्रत्याशियों को रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा चुनाव चिन्ह का आबंटन कर दिया गया है।

जिसमें विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-12 जशपुर से कुल 11 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आबंटित किया गया जिनमें आम आदमी पार्टी से प्रकाश टोप्पो को झाड़ू, भारतीय जनता पार्टी से श्रीमती रायमुनी भगत को कमल का फुल, इण्डियन नेशनल कांग्रेस पार्टी से विनय कुमार भगत को हाथ का छाप, जनता कांग्रेज छत्तीसगढ से सरहुल राम भगत को वर्ग में हल जोतता किसान, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से राजेश लकड़ा को आरी, बहुजन मुक्ति पार्टी से रूपनारायण एक्का को चारपाई, हमर राज पार्टी के सुकरू भगत को बाल्टी, निर्दलीय प्रदीप खेस्स को फुटबॉल, दीवान प्रदीप नारायण सिंह को बल्लेबाज, मनोज भगत को बैटरी टार्च, शिवप्रसाद भगत को अलमारी का चुनाव चिन्ह आबंटित किया गया है।








