नवपदस्थ प्राचार्या डॉ यु.एन. लकड़ा के नेतृत्व एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ “दीक्षारंभ”…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

✒️ शैक्षणिक संस्थानों में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं प्रदेश के समस्त विश्वविद्यालय/ महाविद्यालय में ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020’ के प्रावधानों से सभी को अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित
‘दीक्षारंभ’ -2024 के तहत् शासकीय राम भजनराय एन ई एस स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर में 5 अगस्त 2024 को कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के नव-प्रवेशित दीक्षार्थियों के उत्साही एवं प्रसन्नचित्त चेहरों ने कार्यक्रम की सफलता को निश्चितता प्रदान की तथा इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने इसे ऐतिहासिक और गरिमामय बना दिया। यह क्षण ऐतिहासिक इसलिए है क्योंकि इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, भारतीय जनता पार्टी के आधार स्तंभ श्री कृष्ण कुमार राय (भूतपूर्व अध्यक्ष, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री राजेश गुप्ता उपाध्यक्ष, नगर पालिका जशपुर, विशिष्ट अतिथि श्री ओम प्रकाश सिन्हा समाजसेवी और शिक्षाविद्, विशिष्ट अतिथि श्री हिमांशु वर्मा, (पार्षद जशपुर) जो कि इस महाविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं, उपस्थित थे। नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष श्री राधे श्याम राम जी ने भी अपनी उपस्थिति से मंच को गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम का आगाज़ विद्यादायिनी मां सरस्वती के वृत्तचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात् राज्य गीत “अरपा पैरी के धार” का गायन हुआ। भारतीय संस्कृति की अनुपम परंपरा का निर्वहन करते हुए सभी अतिथियों तथा नव प्रवेशित विद्यार्थियों का पुष्पगुच्छ एवं गीत के माध्यम से स्वागत किया गया। अपने स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य डॉक्टर यू. एन. लकड़ा ने कहा कि आज का यह दिन दीक्षार्थियों के लिए ही नहीं महाविद्यालय के लिए भी हर्ष और गर्व का है क्योंकि मंचासीन सभी अतिथि इस महाविद्यालय के पूर्व छात्र हैं और उन्होंने आज जो मुकाम हासिल किया है वह निश्चित ही हमारे छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरक और अनुकरणीय होगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री राजेश गुप्ता उपाध्यक्ष नगर पालिका जशपुर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के पीछे की सोच पर जोर देते हुए उसे महत्त्वाकांक्षी परियोजना के रूप में चिन्हांकित किया। विशिष्ट अतिथि श्री हिमांशु वर्मा ने अपने छात्र जीवन के अनुभवों एवं संस्मरणों को साझा करते हुए नव प्रवेशित दीक्षार्थियों को अपनी शुभकामनाएं दी। प्रमुख समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता व संगठक श्री ओम प्रकाश सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारी पारंपरिक शिक्षा में प्राथमिक स्तर पर केवल भाषायी ज्ञान को महत्त्व दिया जाता रहा है, किंतु राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भाषायी ज्ञान के साथ विषय की समझ विकसित करना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री कृष्ण कुमार राय जी ने डॉक्टर श्रीमती लकड़ा को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए व्यक्तिगत एवं प्रशासनिक स्तर पर यथासंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। ध्यातव्य है कि श्री राय जी महाविद्यालय के लिए हमेशा संकटमोचक की भूमिका में रहे हैं और जब कभी उनकी आवश्यकता पड़ी उनका सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है। उनके जन भागीदारी अध्यक्ष के कार्यकाल में अधोसंरचनात्मक कार्यों को गति मिली, उनका महाविद्यालय परिवार से जुड़ाव सर्वविदित है उन्होंने छात्रों एवं महाविद्यालय की आवश्यकताओं एवं समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का वादा किया। तत्पश्चात् नव -प्रवेशित छात्र-छात्राओं का मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
दूसरा सत्र जो कि तकनीकी सत्र था, में नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। दीक्षारंभ कार्यक्रम का सबसे महत्त्वपूर्ण पहलू “इंडक्शन प्रोग्राम” था जिसमें डॉ. हरिकेष कुमार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 के उद्देश्य, मुख्य प्रावधानों इसकी विशेषताओं तथा उसके लाभ से परिचित कराया। पुरानी शिक्षा नीति और नई शिक्षा नीति में अंतर समझाते हुए उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विभिन्न कोर्सेज (डीएससी, डीएसई, जीई, ए.ई. सी., व्ही.ए.सी., एवं एसईसी) की विस्तृत जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की। विद्यार्थियों द्वारा चयन किए जाने वाले कोर्सेज ‘जेनेरिक इलेक्टिव’ तथा ‘वैल्यू एडेड कोर्स’ के समूह की विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें इच्छानुसार कोर्स चयन की सुविधा के बारे में बताया। क्रेडिट आधारित कोर्सेज, सतत् मूल्यांकन एवं अंत सेमेस्टर परीक्षा के समस्त प्रावधानों से अवगत कराते हुए छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया और उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समुचित उत्तर भी दिया जिससे वे इस प्रणाली को पूरी तरह से समझ सकें।
अगले सत्र में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. ए.के. श्रीवास्तव ने महाविद्यालय की संस्थागत जानकारी विद्यार्थियों को दी, जिसमें अधोसंरचना, महाविद्यालय में चलाए जा रहे पाठ्यक्रम, लाइब्रेरी खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों के विषय में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अकादमिक गतिविधियों में आवश्यक दिशा निर्देशन के साथ उन्हें भरपूर सहयोग का आश्वासन भी दिया। सुश्री अंजिता कुजूर, (सहायक प्राध्यापक, कंप्यूटर विज्ञान) ने भी संस्थागत अन्य गतिविधियों तथा उपलब्धियों का विवरण ‘पीपीटी’ के माध्यम से प्रस्तुत किया तथा बताया कि किस प्रकार वे अध्ययन के साथ-साथ अन्य गतिविधियों जैसे राष्ट्रीय सेवा योजना, एनसीसी, यूथ रेडक्रॉस तथा खेलकूद में भाग लेकर तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकते हैं। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ छात्रों ने भी अपना अनुभव साझा किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में संयोजक श्री प्रवीण सतपती ने कार्यक्रम के सूत्रधार और निर्देशक प्रोफेसर डी.आर.राठिया,( प्राध्यापक वनस्पति शास्त्र) स्तोत्रविद् डॉ. हरिकेष कुमार( सहायक प्राध्यापक, रसायन शास्त्र )सुश्री अंजिता कुजूर तथा उद्घोषक श्री लाइजिन मिंज (सहायक प्राध्यापक अंग्रेजी) श्री गौतम सूर्यवंशी (सहायक प्राध्यापक इतिहास) तथा अन्य उपस्थित प्राध्यापकों तथा विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। प्राचार्य महोदया ने कार्यक्रम की सफलता के लिए संयोजक श्री प्रवीण सतपती के साथ उनकी पूरी टीम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया तथा महाविद्यालय के समस्त अधिकारी और कर्मचारियों को बधाई दी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Best Flying School