प्रशासन गांव की ओर…पढ़ें पूरी ख़बर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

🖋️जिले में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय संतृप्तिकरण तथा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा “सुशासन सप्ताह” के अंतर्गत “प्रशासन गांव की ओर” सुशासन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिला पंचायत कार्यालय द्वारा आदेश जारी कर समस्त विकासखण्डों के ग्राम पंचायतों में क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह शिविर 19 से 24 दिसम्बर तक आयोजित किए जाएंगे। जारी आदेशानुसार इन शिविरों के माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनसामान्य को दी जाएगी, साथ ही योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर विकासखण्ड स्तर पर निराकरण किया जाएगा। सुशासन शिविरों के सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन द्वारा नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पत्थलगांव, फरसाबहार, जशपुर, बगीचा एवं कुनकुरी को नोडल अधिकारी तथा जनपद पंचायत मनोरा, जशपुर, दुलदुला, कुनकुरी, फरसाबहार, कांसाबेल, पत्थलगांव एवं बगीचा के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि सभी नोडल अधिकारी सुशासन शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करें तथा आयोजन पश्चात पालन प्रतिवेदन जिला पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ लें और अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।
जिला पंचायत द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 19 दिसम्बर 2025 (शुक्रवार) को कांसाबेल विकासखण्ड अंतर्गत जनपद पंचायत भवन कांसाबेल, पत्थलगांव अंतर्गत ग्राम बहराटागर पंचायत भवन प्रांगण, बगीचा अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल ग्राम टटकेला, मनोरा अंतर्गत ग्राम रजला शासकीय प्राथमिक शाला प्रांगण कलारु रजला एवं विकासखंड कुनकुरी के ग्राम खरीझरिया पंचायत भवन प्रांगण में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी प्रकार 22 दिसम्बर 2025 (सोमवार) को विकासखंड दुलदुला के जनपद मुख्यालय मंगल भवन में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 23 दिसम्बर 2025 (मंगलवार) को जशपुर जनपद पंचायत मुख्यालय में एवं 24 दिसम्बर 2025 (बुधवार) को फरसाबहार विकासखण्ड अंतर्गत फरसाबहार जनपद पंचायत मुख्यालय पर सुशासन शिविर आयोजित होंगे। सभी शिविरों का समय प्रातः 10ः30 बजे से अपराह्न 4ः00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इन शिविरों में तहसीलदार, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कृषि, उद्यानिकी, महिला एवं बाल विकास, खाद्य विभाग, पशुपालन, रेशम, क्रेडा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, एएनएम, स्वयं सहायता समूह एवं कोटवार भी शिविर में सहभागिता करेंगे। शिविरों में पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, व्यक्तिगत शौचालय, मनरेगा कार्य, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, नामांतरण, बंटवारा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नल-जल योजना सहित अन्य सेवाओं से संबंधित आवेदन लिए जाएंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें

Best Flying School