एक इंजेक्शन और थम गई जिंदगी की सांसें…झोलाछाप के इलाज ने उजाड़ा हंसता खेलता परिवार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

जशपुर/सन्ना

🖋️ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के सरकारी दावों के बीच जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक मामला सामने आया है। ग्राम लोढ़ेना पाठ में कथित झोलाछाप द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान शांति यादव, पति झगरू यादव, निवासी लोढ़ेना पाठ के रूप में हुई है। इस घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और ग्रामीण इलाकों में बिना चिकित्सकीय योग्यता के इलाज करने वालों की गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ही युवक जितेंद्र यादव द्वारा महिला को इंजेक्शन लगाया गया था। आरोप है कि इंजेक्शन लगाए जाने के बाद महिला की मौत हो गई। हालांकि, महिला की मौत का वास्तविक कारण और इंजेक्शन से उसका सीधा संबंध चिकित्सकीय जांच एवं आधिकारिक रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। लेकिन इस घटना ने गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि संबंधित युवक जितेंद्र यादव के बारे में बताया जा रहा है कि वह पहले भी गांव में घूम-घूमकर लोगों को इंजेक्शन लगाता और इलाज करता था। युवक ने खुद स्वीकार किया है कि उसके पास इलाज करने से संबंधित कोई चिकित्सकीय डिग्री नहीं है। उसका कहना है कि वह पहले भी लोगों को इंजेक्शन लगाता रहा है, लेकिन पहले कभी ऐसी घटना नहीं हुई। इस बार ऐसा कैसे हो गया, इसकी जानकारी उसे नहीं है।

अब सवाल यह है कि जब युवक के पास इलाज करने की कोई मान्यता प्राप्त चिकित्सकीय योग्यता नहीं थी, तो वह किस अधिकार से लोगों की जिंदगी के साथ जोखिम उठा रहा था? आखिर किसकी निगरानी में ग्रामीणों का इलाज किया जा रहा था?

यह घटना केवल एक महिला की मौत का मामला नहीं है, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। सन्ना और आसपास के पठारी गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता पहले से ही एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में यदि बिना डिग्री और प्रशिक्षण के लोग इलाज करने लगें, तो ग्रामीणों की जान जोखिम में पड़ना स्वाभाविक है।

सबसे बड़ा सवाल स्वास्थ्य विभाग से है कि क्या गांव-गांव में सक्रिय ऐसे कथित झोलाछापों की जानकारी विभाग को नहीं है? यदि जानकारी नहीं है, तो निगरानी व्यवस्था आखिर किस काम की है? और यदि जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा !

फिलहाल शांति यादव की मौत के वास्तविक कारणों, इंजेक्शन की प्रकृति और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग को मामले की गंभीरता से जांच करते हुए संबंधित युवक की चिकित्सकीय योग्यता, इंजेक्शन और उपचार से जुड़े तथ्यों की पड़ताल करनी चाहिए। साथ ही यह भी जांच होनी चाहिए कि क्षेत्र में इस तरह बिना अनुमति इलाज करने वाले अन्य लोग तो सक्रिय नहीं हैं।

एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया है। अब जरूरत केवल जांच की औपचारिकता पूरी करने की नहीं, बल्कि सच्चाई सामने लाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की है।

आखिर ग्रामीणों की जिंदगी से खिलवाड़ कब रुकेगा? क्या किसी और परिवार पर ऐसा दुख टूटने के बाद ही स्वास्थ्य विभाग जागेगा?

Leave a Comment

और पढ़ें

Best Flying School