प्रशिक्षण महाभियान के अंतिम दिन कार्यकर्ताओं में भरा वैचारिक जोश, बूथ से लेकर भारत निर्माण तक का दिया मंत्र
जशपुर
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का दूसरा एवं अंतिम दिवस पत्थलगांव मैरिज गार्डन में वैचारिक ऊर्जा, संगठनात्मक अनुशासन और राष्ट्रवादी उत्साह के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस महाभियान में जिलेभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा, बूथ सशक्तिकरण, सुशासन एवं जनसेवा के विभिन्न विषयों पर गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।
संभाग प्रभारी अनुराग सिंह देव ने “हमारा वैचारिक अधिष्ठान — एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद एवं पंच निष्ठा” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का वैचारिक आंदोलन है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन को भारतीय चिंतन की आत्मा बताते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा अंत्योदय, राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक गौरव पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भाजपा की मूल विचारधारा को गांव-गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई ने बूथ प्रबंधन, स्थायी कार्यक्रम एवं आईटी तंत्र पर विस्तृत मार्गदर्शन देते हुए कहा कि आधुनिक राजनीति में तकनीक सबसे बड़ी संगठनात्मक शक्ति बन चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया समन्वय, बूथ डेटा प्रबंधन, डिजिटल प्लेटफॉर्म और सरल एप के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य हर बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बनाना है।
वरिष्ठ भाजपा नेता अम्बिकेश केशरी ने देश के समक्ष खड़ी राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियों पर अपने विचार रखे, वहीं मीडिया पैनलिस्ट संतोष दास ने मीडिया प्रबंधन और संगठनात्मक संवाद की रणनीति पर विस्तार से जानकारी साझा की।
जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया ने कार्य विस्तार एवं समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन की पहुंच बढ़ाने पर बल दिया। जिला संगठन सह प्रभारी पवन गर्ग ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं के संरक्षण को भाजपा की प्राथमिकता बताया।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने बढ़ाया कार्यकर्ताओं का उत्साह
प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नंदे, जिला भाजपा उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, सुनील अग्रवाल एवं ठाकुर पुष्पोत्तम सिंह ने की।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में श्रम एवं संनिर्माण बोर्ड अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, पूर्व प्रदेश महामंत्री भाजपा कृष्ण कुमार राय, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दो दिवसीय इस वैचारिक महाभियान का समापन संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, कार्य विस्तार और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।








