जशपुर/सन्ना
✍️जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) बगिया और क्षेत्रीय विधायक रायमुनी भगत के खिलाफ कथित अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। मामले को गंभीर बताते हुए भाजपा मंडल सन्ना के पदाधिकारियों ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा मंडल सन्ना के उपाध्यक्ष आनंद यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस को दिए गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि पिछले कई दिनों से फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) बगिया तथा क्षेत्रीय विधायक रायमुनी भगत के खिलाफ लगातार कथित अभद्र, अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे उनकी छवि धूमिल करने और क्षेत्र में भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिकायत में आकांक्षा टोप्पो और अमित पाण्डेय का नाम उल्लेखित करते हुए आरोप लगाया गया है कि दोनों की सोशल मीडिया पोस्टों के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और मुख्यमंत्री निवास की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। भाजपा पदाधिकारियों ने इसे सुनियोजित दुष्प्रचार बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

उधर, सन्ना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: शिकायत में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। मामले की जांच जारी है और संबंधित व्यक्तियों की ओर से इस संबंध में सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। आरोपी पक्ष की प्रतिक्रिया सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा !







