जशपुर/सन्ना
जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में लकड़ी बेचने आए कोरवा परिवार के लोगों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। कथित मारपीट के दौरान लकड़ी के बंठे से सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में सन्ना पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को ग्राम कंडराई, बलादरपाठ निवासी फगुआ राम कोरवा और बृजनाथ राम कोरवा लकड़ी बेचने के लिए सन्ना पहुंचे थे। इसी दौरान एक जगह से मृत बछड़े को दफनाने के लिए उन्हें बुलाया गया। बछड़े को दफनाने के बाद वापस लौटते समय सन्ना पंचायत भवन के समीप आपसी कहा सुनी ने बड़े विवाद का रुप ले लिया !
देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। आरोप है कि इसके बाद मारपीट शुरू हुई और लकड़ी के गेड़ा (मोटा डंडा)और पत्थर से सिर पर वार कर फगुआ राम कोरवा को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
सिर में गंभीर चोट लगने के बाद फगुआ राम बेहोश हो गया। तत्काल उसे 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए जशपुर ले जाया जा रहा था। लेकिन ग्राम सरडीह के आसपास पहुंचने के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
इसके बाद शव को सन्ना अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की गई।
घटना की सूचना मिलते ही सन्ना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से खून लगी मिट्टी सहित सादी मिट्टी जब्त की। इसके अलावा पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान भी दर्ज किए।
घटना में इस्तेमाल किए गए पत्थर मोटे लकड़ी का डंडा और घटना के समय आरोपी द्वारा पहनी गई टी-शर्ट को भी गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया गया।
पुलिस जांच में अपराध घटित होना पाए जाने के बाद सन्ना पुलिस ने 11 अगस्त 2026 को शाम करीब 5 बजे और 5:10 बजे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम फगुआ राम कोरवा (लगभग 50 वर्ष) और बृजनाथ राम कोरवा (लगभग 21 वर्ष) दर्ज हैं।
नोट: मृतक का नाम फगुआ राम और घटना कारित करने वाले एक आरोपी का नाम भी फगुआ राम है !







