जशपुरनगर
🖋️पत्थलगांव के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी रमेश शर्मा के निधन से जशपुर जिले के पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके निधन पर भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर के जिलाध्यक्ष भरत सिंह, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, पत्थलगांव विधायक गोमती साय एवं जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत पत्रकार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा नेताओं ने स्व. शर्मा के निधन को जिले के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि स्वर्गीय रमेश शर्मा केवल पत्रकार नहीं, बल्कि जनसरोकारों के सजग प्रहरी और समाज की आवाज थे। उन्होंने अपनी लेखनी को सदैव आमजन की समस्याओं, क्षेत्र के मुद्दों और समाजहित के विषयों को सामने लाने का माध्यम बनाया। उनकी पत्रकारिता में निर्भीकता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता का अद्भुत समन्वय दिखाई देता था।
भरत सिंह ने कहा कि स्व. शर्मा ने पत्रकारिता को महज पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का दायित्व माना। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति की पीड़ा और समस्याओं को अपनी कलम के माध्यम से आवाज दी। पत्थलगांव सहित पूरे जशपुर जिले के जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाना उनकी पत्रकारिता की विशिष्ट पहचान रही। उनके जाने से जिले ने एक सजग पत्रकार, संवेदनशील समाजसेवी और जनहित के लिए मुखर आवाज खो दी है।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि रमेश शर्मा का निधन पत्रकारिता जगत के लिए गहरा आघात है। उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पत्रकारिता के दायित्वों का निर्वहन किया। उनका सरल, सहज और संवेदनशील व्यक्तित्व हमेशा लोगों के बीच याद किया जाएगा।
पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि रमेश शर्मा ने पत्रकारिता को केवल रोजगार या पेशा नहीं माना, बल्कि इसे समाज की सेवा और आमजन की आवाज बनने का माध्यम बनाया। क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना और जरूरतमंदों की आवाज को मंच देना उनकी पहचान थी। उनके निधन से पत्थलगांव ने एक संवेदनशील पत्रकार और समाजहितैषी व्यक्तित्व खो दिया है।
जशपुर विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि स्व. रमेश शर्मा का निधन अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्होंने अपनी लेखनी से लगातार जनहित के मुद्दों को आवाज दी और समाज के कमजोर एवं अंतिम पंक्ति के लोगों की बात को सामने लाने का कार्य किया। पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि रमेश शर्मा की कलम अब भले ही हमेशा के लिए थम गई हो, लेकिन जनसरोकारों के लिए उन्होंने जो आवाज उठाई, उसकी गूंज लंबे समय तक समाज में सुनाई देती रहेगी। उनके निधन से जशपुर की पत्रकारिता में जो रिक्तता पैदा हुई है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा।
भाजपा नेताओं ने दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, पत्रकार साथियों और शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।






