दुलदुला✍️वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 अगस्त 2026 को भारतीय स्टेट बैंक दुलदुला के मार्गदर्शन में विकासखंड दुलदुला के ग्राम पंचायत सिरिमकेला अंतर्गत पटियापानी में वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, सरपंच, महिला एवं बाल विकास विभाग की बीपीएम जानकी लकड़ा, उद्यमी विकास की पीआरपी रूपमाला सहित बड़ी संख्या में सक्रिय महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के जनरल फील्ड ऑफिसर तथा बैंक सखी (बीसी) की मौजूदगी में ग्रामीण महिलाओं को बैंकिंग लेन-देन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस दौरान “सावधानी ही सुरक्षा है” का संदेश देते हुए ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने पर विशेष जोर दिया गया।
दुलदुला ब्लॉक के वित्तीय काउंसलर रूपेश कुमार यादव ने उपस्थित लोगों को वित्तीय साक्षरता के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बचत का महत्व, विभिन्न बचत योजनाएं, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना सहित सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं के बारे में बताया।
इसके साथ ही डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन पैसे का लेन-देन, अलग-अलग क्षेत्रों में सुरक्षित निवेश, उपभोक्ता संरक्षण एवं शिकायत निवारण तथा बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को समझाया गया कि बैंकिंग सुविधाओं का उपयोग करते समय ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लेन-देन या धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने वित्तीय योजनाओं और डिजिटल बैंकिंग से जुड़ी जानकारियों को रुचि के साथ सुना और भविष्य में इन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाने की बात कही। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक रूप से जागरूक, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना रहा।






