जशपुर
✍️भारतीय जनता पार्टी की ओर से 16 अगस्त की शाम जशपुर में आयोजित रैली में छात्रावास के विद्यार्थियों को शामिल किए जाने के आरोप को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले को गंभीर और आपत्तिजनक बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मनमोहन भगत के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने डिप्टी कलेक्टर हरिओम द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को किसी राजनीतिक दल की रैली, कार्यक्रम या अन्य राजनीतिक गतिविधि में शामिल किया जाना उचित नहीं है। विद्यार्थियों को राजनीति से दूर रखते हुए उनकी शिक्षा और भविष्य पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि यदि छात्रावास के विद्यार्थियों को अधीक्षक अथवा किसी अन्य अधिकारी-कर्मचारी के निर्देश, दबाव या सहमति से राजनीतिक रैली में शामिल कराया गया है, तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की भूमिका तय की जाए। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस ने प्रशासन से यह भी मांग की कि भविष्य में किसी भी छात्रावास के विद्यार्थियों को राजनीतिक दलों के कार्यक्रम, रैली अथवा किसी अन्य राजनीतिक गतिविधि में शामिल न किया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग और अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को किसी भी राजनीतिक गतिविधि का हिस्सा बनने से बचाया जा सके।
महामंत्री मनमोहन भगत ने कहा कि विद्यार्थियों का इस्तेमाल किसी राजनीतिक कार्यक्रम में किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं का समय शिक्षा, संस्कार और उज्ज्वल भविष्य निर्माण में लगना चाहिए, न कि उन्हें राजनीतिक गतिविधियों में शामिल किया जाए। उन्होंने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर दोषी छात्रावास अधीक्षक एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश सचिव विनय प्रकाश एक्का, सहस्त्रांशु पाठक, पार्षद सबनम ख़ान, आसिफ़ ख़ान, मंडल अध्यक्ष असरफ़ ख़ान, नागेश्वरी बाई सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






