जशपुरनगर
✍️नगरपालिका परिषद जशपुर के वार्ड क्रमांक 8 एवं 14 के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों सीटों पर कब्जा जमाकर क्लीन स्वीप कर लिया है। वार्ड क्रमांक 8 से भाजपा प्रत्याशी प्रेमलता साहू ने कांग्रेस प्रत्याशी को 167 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया, जबकि वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा प्रत्याशी प्रिया सिंह ने 90 मतों की निर्णायक जीत दर्ज कर कमल खिलाया। इस जीत के साथ भाजपा ने नगर की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ का एक बार फिर परिचय दिया है।

परिणाम घोषित होते ही मतगणना स्थल भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह और जोश से भर उठा। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया तथा पूरा परिसर “जय जूदेव” के नारों से गूंज उठा। इसके बाद विजयी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रणजीता स्टेडियम के समीप स्थित स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

विजयी प्रत्याशियों ने पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, विधायक रायमुनि भगत एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर नेताओं ने इसे भाजपा की नीतियों, संगठन की एकजुटता और जनता के अटूट विश्वास की जीत बताया।

पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि जशपुर की जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों पर एक बार फिर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के नतीजे स्पष्ट संकेत देते हैं कि जनता विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ मजबूती से खड़ी है।
विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नगरपालिका क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। जनता ने इन्हीं विकास कार्यों पर विश्वास जताते हुए भाजपा को अपना आशीर्वाद दिया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। भाजपा हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करती है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

उल्लेखनीय है कि उपचुनाव के दौरान भाजपा संगठन ने बूथ स्तर तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया था। चुनाव परिणाम के बाद पूरे नगर में विजय उत्सव का माहौल देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने इसे विकास, सुशासन तथा जनविश्वास की ऐतिहासिक जीत बताया।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने कहा कि उपचुनाव में मिली यह जीत संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर जनता के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाजपा आगे भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास और जनसेवा के कार्यों को निरंतर गति देती रहेगी।








