जशपुर
✍️मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले ने विकास की दिशा में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। वर्षों से प्रतीक्षित शासकीय मेडिकल कॉलेज जशपुर-कुनकुरी को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश की औपचारिक स्वीकृति (लेटर ऑफ परमिशन) मिल गई है। इस मंजूरी के साथ ही जशपुर में मेडिकल कॉलेज का सपना साकार हो गया है।

मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जशपुर सहित आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। वहीं आदिवासी और ग्रामीण अंचलों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों, आधुनिक उपचार सुविधाओं तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा। इसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विकासोन्मुखी सोच, सतत प्रयासों और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय जशपुर के विकास इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।

भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि जशपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना लंबे समय से जिले की सबसे बड़ी जनआकांक्षाओं में शामिल थी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं दूरभाष पर उन्हें इस ऐतिहासिक स्वीकृति की जानकारी दी। मुख्यमंत्री की आवाज़ में जशपुर के प्रति आत्मीयता और उपलब्धि की खुशी स्पष्ट झलक रही थी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और क्षेत्र के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला बनेगा। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री तथा केंद्र सरकार का हृदय से आभार व्यक्त किया। पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने इसे जशपुर के विकास की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे प्रतिभाशाली युवाओं को अपने जिले में ही चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मेडिकल कॉलेज की मंजूरी से शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन आएगा तथा गरीब, ग्रामीण और आदिवासी परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने इसे जिले के विकास का स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज से युवाओं को अपने क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर विकास का नया मॉडल बनकर उभर रहा है। मेडिकल कॉलेज की मंजूरी से चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। जिले में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। जशपुर मेडिकल कॉलेज को मिली यह स्वीकृति केवल एक संस्थान की स्थापना नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के समग्र विकास, सशक्त स्वास्थ्य व्यवस्था और चिकित्सा शिक्षा के नए युग की शुरुआत है।







