👉 पत्थलगांव बना संगठन शक्ति का केंद्र, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार से कार्यकर्ताओं को मिला नया संकल्प
👉 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, संगठन महामंत्री पवन साय सहित दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में गूंजा राष्ट्रवाद, संगठन और सेवा का संदेश
जशपुर
✍️भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान” के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आज पत्थलगांव स्थित मैरिज गार्डन में भव्य शुभारंभ हुआ। पूरे आयोजन में संगठनात्मक ऊर्जा, वैचारिक प्रतिबद्धता और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
जिलेभर से पहुंचे भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की विशाल उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि भाजपा का संगठन आज भी अपने कार्यकर्ताओं की ताकत पर मजबूती से खड़ा है। पूरे दिन चले विभिन्न वैचारिक एवं संगठनात्मक सत्रों में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
प्रथम सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने “हमारा इतिहास-विकास” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा और अंत्योदय की विचारधारा पर चलने वाला एक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन की मजबूत नींव रखी। आज उसी विचारधारा, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के बल पर भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा की राजनीति परिवारवाद, तुष्टिकरण और सत्ता केंद्रित नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के “अंत्योदय” के विचार को आत्मसात करते हुए भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य कर रही है।

द्वितीय सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने “कार्यपद्धति” विषय पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए संगठन की कार्यशैली, अनुशासन, बूथ सशक्तिकरण एवं टीमवर्क पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है और मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की पहचान है।
चतुर्थ सत्र में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती फूलेश्वरी पैकरा ने “कार्यकर्ता विकास – गुण, आचरण और दायित्व बोध” विषय पर प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए कहा कि एक आदर्श कार्यकर्ता का व्यवहार ही संगठन की वास्तविक पहचान होता है। उन्होंने सेवा, समर्पण और अनुशासन के साथ संगठन कार्य करने का संदेश दिया।
पंचम सत्र में संभागीय प्रभारी अवधेश चंदेल ने “विचार-परिवार” विषय पर भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा, संगठनात्मक मूल्यों एवं वैचारिक प्रतिबद्धता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विचार आधारित राजनीति ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
षष्ठम एवं व्यवहारिक सत्र में पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा ने अपने संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं को व्यवहारिक राजनीति, जनसंपर्क एवं संगठन विस्तार के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत एवं भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह ने की।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस में श्रम एवं संनिर्माण बोर्ड अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती, प्रदेश महामंत्री रामु रोहरा, प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष राम गर्ग, जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नंदे, सुनील गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जशपुर नपा अध्यक्ष अरविंद भगत सहित जिलेभर के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूरे दिन चले इस प्रशिक्षण महाभियान में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, सेवा कार्य, जनकल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कार्यकर्ता विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, वैचारिक स्पष्टता और संगठन के प्रति समर्पण का भाव जागृत किया।








