जशपुर/पंडरापाठ
सुशासन तिहार 2026 के तहत 16 मई 2026 को ग्राम पंडरापाठ में आयोजित विशाल शिविर किसानों के लिए सौगातों और जागरूकता का केंद्र बन गया। शिविर में क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक रायमुनी भगत, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी जी सहित कई जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को सीधे किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में 23 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) वितरित किए गए। वहीं 3 किसानों को मृदा जांच रिपोर्ट कार्ड सौंपकर वैज्ञानिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। किसानों ने इसे खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
शिविर में जनपद पंचायत बगीचा के CEO, तहसीलदार सन्ना, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बगीचा, कृषि विकास अधिकारी पंडरापाठ एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी रही, वहीं कार्यक्रम को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने में ग्राम पंचायत सचिव पण्ड्रापाठ गणेश यादव जी का योगदान सराहनीय रहा !कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री लाल साय केरकेट्टा ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य खराब होने के कारणों, उसके दुष्प्रभाव और समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने किसानों को सरसों एवं तोरिया की उन्नत खेती, कम लागत में अधिक उत्पादन की आधुनिक तकनीकें, जैविक एवं संतुलित उर्वरक उपयोग तथा कृषि विभाग की लाभकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि बदलते समय में वैज्ञानिक खेती ही किसानों की आय बढ़ाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस दौरान कृषि विभाग द्वारा उपयोगी कृषि बुकलेट का भी वितरण किया गया, ताकि किसान नई तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी लेकर बेहतर उत्पादन हासिल कर सकें।

ग्रामीणों और किसानों ने शासन की इस पहल की जमकर सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ किसानों को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।








