जशपुर/बगीचा
✍️जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत पंण्ड्रापाठ चौकी क्षेत्र सोमवार को उस समय राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन रायपुर के नकटी गांव में ग्रामीणों के साथ कथित रूप से हुई घटना के विरोध में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पंण्ड्रापाठ चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नकटी गांव के 85 घरों को घेरकर ग्रामीणों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, जिसकी कांग्रेस ने तीखी निंदा की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सन्ना के अध्यक्ष देव कृपा यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक पीड़ित ग्रामीणों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस उनका मुद्दा लगातार उठाती रहेगी।
पूरे प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।







