कृषि विभाग का बड़ा एक्शन: सन्ना में 35 बोरी डीएपी जब्त, पंड्रापाठ में बिना लाइसेंस चल रही दो खाद-बीज दुकानें बंद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

सन्ना / बगीचा
✍️किसानों के हितों की रक्षा और खाद-बीज की वैधानिक बिक्री सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने सन्ना और पंड्रापाठ क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 35 बोरी डीएपी खाद जब्त की, जबकि बिना लाइसेंस संचालित दो खाद-बीज दुकानों को बंद करा दिया।
ग्राम पंचायत सन्ना स्थित किसान कृषि सेवा केन्द्र के निरीक्षण में अधिकारियों ने पाया कि किसानों को पीओएस (POS) मशीन के बिना उर्वरक बेचा जा रहा था, जो उर्वरक विक्रय नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग ने मौके पर ही 35 बोरी डीएपी खाद जब्त कर ली और संचालक को भविष्य में सभी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
इस कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लाल साय केरकेट्टा, उर्वरक निरीक्षक क्रुसलीना मिंज तथा ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी ऋषिकेश मिश्रा उपस्थित रहे।
इधर पंड्रापाठ क्षेत्र में भी कृषि विभाग ने अवैध रूप से संचालित खाद-बीज दुकानों पर छापेमार कार्रवाई की। जांच में बिना लाइसेंस संचालित दो दुकानों का संचालन पाया गया, जिन्हें तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। विभाग ने संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि आवश्यक लाइसेंस प्राप्त किए बिना दुकान संचालित करने पर आगे और भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलेभर में खाद एवं बीज की बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें

Best Flying School