जशपुरनगर
जन्मदिन केवल केक और जश्न का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी माध्यम बन सकता है। इसी सोच को साकार करते हुए जनपद पंचायत बगीचा क्षेत्र क्रमांक-4 के जनपद सदस्य ने अपने पुत्र अयांश सिंह का जन्मदिन जशपुर के दिव्यांग बच्चों के साथ मनाकर मानवता, सेवा और संवेदनशीलता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की।

इस खास अवसर पर दिव्यांग बच्चों के साथ आत्मीय माहौल में केक काटा गया और सभी ने मिलकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। जनपद सदस्य एवं उपस्थित अतिथियों ने बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे बातचीत की, उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें स्नेह व अपनापन का एहसास कराया। बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में आरपीआई युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षत्रिय करणी सेना के जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह, कमल सिंह तथा मुकेश सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने दिव्यांग बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना की।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि यदि जन्मदिन जैसे निजी और पारिवारिक अवसरों को समाज के जरूरतमंद एवं विशेष बच्चों के साथ साझा किया जाए, तो इससे न केवल उनके जीवन में खुशियों के रंग भरते हैं, बल्कि समाज में सेवा, समानता, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है।
यह पहल इस बात का संदेश देती है कि सच्ची खुशी तभी सार्थक होती है, जब उसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी हो। जनपद सदस्य की यह संवेदनशील पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को समाजसेवा के लिए प्रेरित कर रही है।







