जशपुर/सन्ना
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले का पाठ क्षेत्र इन दिनों लगातार हो रही भारी बारिश से जूझ रहा है। मौसम विभाग और छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जारी अलर्ट के बाद ग्रामीणों में सजगता जरूर देखने को मिली, लेकिन शुक्रवार 14 अगस्त से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने पाठ क्षेत्र के जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।

लगातार बारिश के चलते क्षेत्र की नदी-नाले उफान पर आ गए और कई ग्रामीण इलाकों में आवागमन मुश्किल हो गया। सुदूर अंचलों में रहने वाले विद्यार्थियों को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए पिकअप वाहनों का सहारा लेना पड़ा। बारिश और उफनते नदी-नालों के बीच बच्चों का समारोह तक पहुंचना भी किसी चुनौती से कम नहीं रहा।

👉सुबह तक सन्ना के चारों ओर बाढ़ जैसे हालात
पाठ क्षेत्र का शिरोमणि कहे जाने वाले तहसील मुख्यालय सन्ना में शनिवार सुबह करीब 8 बजे तक हालात बेहद चिंताजनक बने रहे। सन्ना के चारों ओर पानी का तेज बहाव और उफनते नदी-नालों ने कुछ समय के लिए बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए। ग्रामीणों की आवाजाही भी प्रभावित रही और लोग मौसम के मिजाज पर नजर बनाए रहे।

👉बारिश की मार से पहाड़ी कोरवा परिवार का आशियाना ढहा
लगातार बारिश ने पाठ क्षेत्र के लोढ़ेना पाठ में रहने वाले एक पहाड़ी कोरवा परिवार पर भी कहर बरपाया। बारिश के कारण परिवार का कच्चा मकान ढह गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान किसी बड़े जनहानि की सूचना सामने नहीं आई। हालांकि, आशियाना ढहने से परिवार के सामने रहने और सामान बचाने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई।

👉मौसम ने बदली करवट, फिर गूंजा आजादी का जश्न
शनिवार सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच मौसम अचानक साफ होने लगा। आसमान खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद पाठ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किए गए।

सुबह तक बारिश और बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे पाठ क्षेत्र में कुछ ही घंटों बाद देशभक्ति के गीतों और तिरंगे की शान में आजादी का जश्न देखने को मिला। बारिश के कहर के बीच भी पाठ की जनता का हौसला नहीं टूटा और मौसम साफ होते ही स्वतंत्रता दिवस का उत्साह पूरे क्षेत्र में दिखाई दिया।








